उदित वाणी, चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार का भंडाफोड़ किया है. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 मई को सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे की खरीद-बिक्री हो रही है.
16.50 लाख की खेप और आरोपी गिरफ्तार
सूचना पर गठित विशेष टीम ने जब चिन्हित मकान में दबिश दी, तो वहां से 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई. जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 82.80 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16.50 लाख रुपये है. पुलिस ने मौके से तीन तस्करों— महाराज अली, असगर अली और शबनम परवीन को गिरफ्तार किया है. ये तीनों आरोपी किराए के मकान में रहकर नशे के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे.
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी महाराज अली का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह आरआईटी थाना क्षेत्र के एक मामले में पहले से ही वांछित (Wanted) चल रहा था. पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लायरों की पहचान के लिए जांच और छापेमारी जारी है.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक और फिंगरप्रिंटिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसपी निधि द्विवेदी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.


