उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल परिसर में गुरुवार को एक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, मेराकी फाउंडेशन और विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हाई स्कूल के विद्यार्थियों को नशे के विनाशकारी दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें एक स्वस्थ व सकारात्मक जीवन शैली की ओर प्रेरित करना था.
युवा ऊर्जा को सही दिशा देने का आह्वान: सिटी एसपी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिटी एसपी ललित मीणा ने छात्रों को संबोधित करते हुए एक प्रभावशाली संदेश दिया. उन्होंने कहा, “अपनी क्षमता बढ़ाओ, नशे में नहीं जाओ.” उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे जैसी बुराइयों के बजाय करियर निर्माण और पढ़ाई में लगानी चाहिए. एसपी मीणा ने मोबाइल की लत को भी एक आधुनिक नशा करार दिया और छात्रों को इसके सीमित उपयोग की सलाह दी.
सुरक्षा और सहयोग का संदेश
विशिष्ट अतिथि आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार है. उन्होंने बच्चों को गलत संगत से दूर रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने को कहा. विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराया.
सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य लोगों की भागीदारी
मेराकी फाउंडेशन की सचिव रीता पात्रा ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों और जिला प्रशासन के साथ नशा मुक्ति अभियान के तालमेल पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम के संयोजक मुख्तार आलम खान और सिविल डिफेंस के डिप्टी चीफ दया कुमार मिश्रा ने भी युवाओं को जागरूक किया.
इस अवसर पर समाजसेवी रज़ी नौशाद, राजू गोराई, डॉ. ताहिर हुसैन, जमील असगर, सैयद तारिक, सिद्दीक अली, मास्टर खुर्शीद अहमद खान, अनुभव कुमार सिन्हा, अबरार आलम, मो. मोइनुद्दीन अंसारी, अब्दुल हफिज, आफताब आलम, मो. आसिफ और जुबैर आलम सहित कई गणमान्य लोग और शिक्षक उपस्थित रहे. धन्यवाद ज्ञापन शाहनवाज खान ने किया.


