
उदित वाणी, पटमदा : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. रात करीब 8 बजे हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ दी है.
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठनठनी घाटी क्षेत्र की अवैध पत्थर खदान से पत्थर (चेली) लादकर बामनी की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर इस हादसे का कारण बना. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं.
वाहन छिपाकर चालक फरार
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला. उसने पकड़े जाने के डर से वाहन को बामनी गांव स्थित एक स्कूल के पीछे खेत में छिपा दिया और फरार हो गया. पटमदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान
मृतकों में से एक की पहचान पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के मालती गांव निवासी सुमित सिंह सरदार (20 वर्ष) के रूप में हुई है. सुमित अपने एक मित्र के साथ बुरूडीह स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था. खबर लिखे जाने तक दूसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय लोग ठनठनी घाटी क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन और सड़कों पर दौड़ने वाले तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

