उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका प्रखंड में विजयदशमी के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला. विभिन्न पंचायतों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने भी कई स्थानों पर पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं. सबसे पहले विधायक ने पोटका पंचायत स्थित बजरंग अखाड़ा समिति में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर उत्सव मनाया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. कार्यक्रम में अखाड़ा अध्यक्ष राजकुमार मुंडा, कोषाध्यक्ष बिजय कुमार मुंडा, सचिव नयन मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
कालिकापुर और बड़ा भूमरी में भी दिखा उत्साह
विधायक इसके बाद कालिकापुर पंचायत स्थित बजरंग अखाड़ा समिति पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान राम द्वारा रावण वध की कथा का उल्लेख करते हुए इसे सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक बताया. इस अवसर पर सचिन कुमार भकत, विवेक कुमार भकत, अभिषेक कुमार भकत समेत कई लोग मौजूद रहे.
इसके साथ ही बड़ा भूमरी ग्राम स्थित श्री श्री सार्वजनिक बजरंगबली एवं लक्ष्मी माता मंदिर समिति में भी उन्होंने पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की. यहां समिति अध्यक्ष मृगंका मंडल, सचिव चितरंजन मंडल, कोषाध्यक्ष प्रकृष्ण मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
सकारात्मक सोच और भाईचारे का दिया संदेश
विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि विजयदशमी हमें यह संदेश देती है कि अधर्म पर धर्म, अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की हमेशा जीत होती है. उन्होंने कहा कि बुराई की ताकत भले ही कुछ समय के लिए प्रभावशाली लगे, लेकिन उसका अंत निश्चित है, जबकि सत्य और न्याय की विजय शाश्वत होती है.
उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, समाज में एकता को मजबूत करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की.


