उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सरायकेला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है. स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं द्वारा प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिनव प्रकाश ने आज संध्या समय नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का व्यापक निरीक्षण किया.
सर्विस लेन और मुख्य मार्ग पर मिलीं अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि कई लोग मुख्य मार्ग और मुख्य मार्ग के सर्विस लेन के किनारे खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे. इस स्थिति के कारण राहगीरों, विशेषकर महिलाओं को आवागमन के दौरान असुरक्षा और असहजता महसूस हो रही थी.
एसडीएम अभिनव प्रकाश का सख्त रुख और कड़ी चेतावनी
अनुमंडल पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया. उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों में संलिप्त न होने की कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्विस लेन या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर नशापान अथवा अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
निरंतर जारी रहेगा प्रशासन का सुरक्षा अभियान
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं बिना किसी भय के सार्वजनिक स्थानों का उपयोग कर सकें. उन्होंने घोषणा की कि प्रशासन का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में कानून का राज कायम रहे.


