उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद गुरुवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.
गिरफ्तार आरोपियों में सीनी निवासी महाराजा अली, कपाली बंधुगोड़ा निवासी असगर अली तथा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती की रहने वाली शबनम परवीन शामिल हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन करीब 82.80 ग्राम बताया गया है. जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16.50 लाख रुपये आंकी गई है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और नशे की तौल में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद किया है.
सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खाने के मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम गठित कर छापेमारी की गई, जहां भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई.
एसपी ने बताया कि महाराजा अली इस नेटवर्क का मुख्य संचालक है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह आरआईटी थाना के एक मामले में फरार भी चल रहा था. पुलिस को पूछताछ में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं और पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.


