उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (त्रिपाठी गुट) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. इस बैठक में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिला कोषागार द्वारा कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किए जाने से उत्पन्न गंभीर स्थिति पर गहन चर्चा की गई.
6 मई को जिला उपायुक्त से होगा संवाद
महासंघ ने निर्णय लिया है कि कर्मचारियों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग को लेकर 6 मई को जिला उपायुक्त (DC) से मुलाकात की जाएगी. बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि उपायुक्त से मुलाकात के बाद भी वेतन का भुगतान जल्द नहीं होता है, तो महासंघ राज्य के मुख्य सचिव से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराने को बाध्य होगा.
जांच कमेटी पर लापरवाही का आरोप
बैठक के दौरान बताया गया कि वित्त विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, संबंधित कार्यालयों ने वेतन विवरणी तैयार कर जिला स्तरीय जांच कमेटी को सौंप दी है. इसके बावजूद, कमेटी द्वारा ससमय जांच पूरी नहीं की जा रही है, जिससे भुगतान की प्रक्रिया रुकी हुई है.
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
इस अवसर पर महासंघ के सम्मानित अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, प्रांतीय संयुक्त सचिव प्रणव शंकर, जिला उपाध्यक्ष राजीव चौबे, शिवचरण डे, दुर्गा चरण मांझी, कुश ध्वज लोहरा, इमरान अजमल, पिंटू कुमार सिंह, और शेखर कुमार सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे.


