उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र स्थित डैमडूबी में गुरुवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी. बदमाशों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी नरेन भगत से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए. घटना के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग भी की. हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार नरेन भगत विभिन्न क्षेत्रों से कलेक्शन कर रुपये जमा करने जा रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने डैमडूबी इलाके में उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया. कर्मचारी द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए. गोली की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि कर्मचारी से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट हुई है. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग की, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस मामला दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.


