
उदित वाणी, चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्दरबेड़ा के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ-33 पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शहरबेड़ा से कांदरबेड़ा की ओर जा रही एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला को हल्की चोटें आई हैं।
तीनों एक ही गांव के निवासी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों लोग नीमडीह प्रखंड के चालियामा पंचायत अंतर्गत बांधडीह गांव के निवासी हैं। घायलों में श्रीकांत सिंह, नागेंद्र सिंह एवं प्रतिमा सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कान्दरबेड़ा के पास अव्यवस्थित ढंग से सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद समाजसेवी शेखर गांगुली, हरिदास महतो एवं अन्य स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। समाजसेवी हरेलाल महतो की निजी एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
लापरवाही बन रही हादसों की बड़ी वजह
एनएच-33 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह पांचवां बड़ा हादसा है, जो सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और एनएचएआई की लापरवाही के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, चेतावनी संकेतक बोर्डों की कमी और कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी का अभाव हादसों को आमंत्रित कर रहा है। इसके अलावा, व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभागों द्वारा ठोस पहल नहीं की जा रही है। ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन तत्काल सख्त कदम उठाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

