उदित वाणी, रांची : रांची रेल मंडल के कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है. दिनांक 07.05.2026 को ट्रेन संख्या 18615 (हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस) में चांडिल से हटिया के बीच आरपीएफ की टीम एस्कॉर्टिंग ड्यूटी पर थी. कीता रेलवे स्टेशन पार करते ही सामान्य कोच (General Coach) में अचानक शोर-शराबा और अफरा-तफरी मच गई.
आरपीएफ की तत्परता और गिरफ्तारी
शोर सुनकर जब आरपीएफ एस्कॉर्ट टीम कोच में पहुंची, तो वहां एक युवक देशी पिस्तौल लहराकर यात्रियों को डरा रहा था, जबकि उसका साथी यात्रियों के साथ गाली-गलौज कर रहा था. आरपीएफ टीम ने साहस का परिचय देते हुए दोनों को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अकीब खान (21 वर्ष) और रेहान खान (20 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों रांची के बरियातू (सरताज कॉलोनी) के निवासी हैं.
जमशेदपुर से रांची हो रही थी हथियारों की सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि यह देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस उन्हें जमशेदपुर के एक अज्ञात व्यक्ति ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास दिया था. वे इस हथियार की सप्लाई रांची के स्थानीय क्षेत्रों में करने वाले थे. यात्रा के दौरान यात्रियों ने उन्हें हथियार संभालते देख लिया था, जिसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाना शुरू कर दिया था.
कानूनी कार्रवाई और जब्ती
एएसआई भुतेश झा ने हथियार और कारतूस को विधिवत जब्त किया. रांची स्टेशन पहुंचने पर उप निरीक्षक सूरज पांडे और सीआईबी की टीम ने आरोपियों को हिरासत में लिया. सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपियों को जीआरपी (GRP) रांची को सौंप दिया गया है, जहां आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.


