
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिड़रा गांव में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कूटी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे पति-पत्नी
घायलों की पहचान बिड़रा निवासी धनंजय माहली और उनकी पत्नी सुनीता माहली के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए स्कूटी सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में धनंजय माहली के सिर पर चोट आई है, वहीं उनकी पत्नी सुनीता माहली की कमर में गहरी अंदरूनी चोट लगी है, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर
घटना की सूचना मिलते ही उप मुखिया गोपाल गोराई तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया. वहाँ प्राथमिक उपचार तो किया गया, लेकिन एक्स-रे मशीन का ऑपरेटर उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को बेहतर जांच और इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम (MGM) अस्पताल रेफर कर दिया गया.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार अज्ञात स्कूटी सवार की जल्द से जल्द पहचान की जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार पर लगाम लग सके.

