उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने गुरुवार 7 मई को शेयर बाजारों को सूचित किया है कि कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक 15 मई 2026 (शुक्रवार) को होगी. इस बैठक में मार्च 2026 की तिमाही और पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों पर विचार किया जाएगा. यह सूचना सेबी रेगुलेशंस, 2015 के रेगुलेशन 29(1) और 50(1) के तहत दी गई है. कंपनी के शेयरों में ट्रेडिंग विंडो 25 मार्च 2026 से बंद है और वित्तीय परिणाम घोषित होने के 48 घंटे बाद खुलेगी. टाटा स्टील के इस नोटिस से निवेशकों को मार्च तिमाही और पूरे साल के प्रदर्शन की जानकारी 15 मई को मिल जाएगी. बाजार इस बैठक में डिविडेंड घोषणा पर भी खास नजर रखे हुए है.कंपनी के कंपनी सचिव एवं चीफ लीगल ऑफिसर पार्वतीशम कंचिनाधम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, बोर्ड बैठक में निम्नलिखित एजेंडे पर चर्चा होगी:
1. 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के ऑडिटेड स्टैंडअलोन और अनऑडिटेड कंसोलिडेटेड वित्तीय विवरण तथा परिणामों को मंजूरी देना.
2. 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के ऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय विवरण तथा परिणामों को मंजूरी देना.
3. वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए डिविडेंड की सिफारिश करना (यदि कोई हो).


