
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के इतिहास में पहली बार आज से तीन बड़े आयोजन होने जा रहे हैं. इन आयोजनों की विशेषता यह है कि वे एक दूसरे से बिल्कुल अलग है. इन आयोजनों में फन और मस्ती के साथ नॉलेज और रोमांच भी दिखेगा. कोरोना के बाद पहली बार हो रहे ये आयोजन शहरवासियों के लिए आकर्षण के केन्द्र हैं. लोयोला स्कूल ग्राउंड में जहां देश-दुनिया भर के विभिन्न ब्रीडों के श्वानों के करतब दिखेंगे, वहीं गोपाल मैदान बिष्टुपुर में गीत, संगीत और नृत्य की महफिल सजेगी. तुलसी भवन बिष्टुपुर में दुर्लभ सिक्कों की प्रदर्शनी लगेगी, जो उस दौर के इतिहास के गवाह होंगे. तो आप भी इन आयोजनों का हिस्सा बनिए और मस्ती, मनोरंजन के साथ नॉलेज और रोमांच का गवाह बनिए.
गोपाल मैदान में आज से जमशेदपुर कार्निवाल नीरज श्रीधर का होगा रॉकिंग परफॉर्मेंस

जमशेदपुर : तीन साल के बाद शुक्रवार 6 जनवरी को गोपाल मैदान में जमशेदपुर कार्निवाल का आयोजन होने जा रहा है. टाटा स्टील और टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेस लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) के संयुक्त तत्वावधान में होने जा रहा जमशेदपुर कार्निवाल 6 से लेकर 8 जनवरी के बीच होगा. कार्निवाल में परेड नहीं होगा, केवल गोपाल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. अभी तक कार्निवाल की शुरूआत परेड से हुआ करती थी, जो जुबिली पार्क से होकर गोपाल मैदान बिष्टुपुर में पहुंचता थी. कार्निवल में बैंड परफॉर्मेंस के साथ डांस परफॉर्मेंस, सारेगामा – वोकल म्यूजिक कॉम्पिटिशन, मास्टर शेफ कॉम्पिटिशन, बच्चों के लिए गेम जोन, मुंह में पानी लाने वाले फूड काउंटर्स और बॉलीवुड सेलेब्रिटी आर्टिस्ट नीरज श्रीधर के परफॉर्मेंस होंगे. सारे कार्यक्रम के लिए कोई इंट्री पास नहीं है और इंट्री फ्री है.
पहले दिन का आकर्षण बंगलुरू का स्वरात्मा बैंड
6 जनवरी को शाम 5.30 बजे से 7.30 बजे तक लोकल रॉक बैंड आल्विन रोजारियो का परफॉर्मेंस होगा. शाम 7.30 बजे से 9.00 बजे तक स्वरात्मा बैंड का परफॉर्मेंस होगा. स्वरात्मा बंगलुरू स्थित एक भारतीय लोक एवं फ्यूजन बैंड है. वर्तमान लाइन-अप में वासु दीक्षित, केजे पवन, वरुण मुरली, संजीव नायक, जिष्णु दासगुप्ता और जोएल मिलन बैपटिस्ट हैं. बैंड की ध्वनि भारतीय लोक और शास्त्रीय संगीत से ली गई है, इसे ब्लूज रॉक और रेगे जैसी पश्चिमी ध्वनियों के साथ मिश्रित किया गया है.
देश की सतरंगी छटा कलर्स ऑफ इंडिया में
7 जनवरी को संध्या 5.00 बजे से 7.00 बजे तक कलर्स ऑफ इंडिया कार्यक्रम होगा, जिसमें देश के 16 प्रदेशों के लोक नृत्य की सतरंगी छटा दिखेगी. संध्या 7.30 बजे से 9.30 बजे तक सारेगामा-म्यूजिकल अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
नीरज श्रीधर के धमाकेदार परफॉर्मेंस से समापन
कार्निवाल के अंतिम दिन रविवार 8 जनवरी को सुबह 10.00 बजे से 1.00 बजे के बीच मास्टर शेफ कम्पीटिशन का आयोजन होगा, संध्या 5.30 से 6.15 बजे तक रैप बैंड तथा जमशेदपुर हिप हॉप टीवी का परमफार्मेस. संध्या 6.15 से 7.00 बजे तक एनोनमस जे एंड इकॉकनाइस (कोहिमा के कलाकारों द्वारा परफार्मेंस). संध्या 7.30 से 9.00 बजे तक कार्निवाल का समापन मशहूर प्लेबैक सिंगर नीरज श्रीधर के परफॉर्मेंस से होगा.
डॉ.जमशेद जे इरानी की याद में आज से तीन दिनी सिक्का प्रदर्शनी
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इस साल होने जा रही सिक्का प्रदर्शनी टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक डॉ.जमशेद जे इरानी को समर्पित होगी. डॉ.इरानी की याद में इस साल 28वीं प्राचीन दुर्लभ सिक्कों की राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी जैम क्वायन-2023 का आयोजन 6 से 8 जनवरी को तुलसी भवन बिष्टुपुर में होगा. प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार 6 जनवरी को टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) के एमडी ऋितुराज सिन्हा करेंगे.

देश भर से सिक्का विशेषज्ञ करेंगे शिरकत
इस तीन दिवसीय सिक्का प्रर्दशनी में क्लब के सदस्यों और स्कूली विद्यार्थियों के साथ देश भर के सिक्का प्रेमी भाग लेंगे. देश के 10 सिक्का डीलर एवं विशेषज्ञ भी इस प्रदर्शनी में भाग लेंगे. इसमे प्राचीन देशी, विदेशी, मुगल कालीन और मध्य कालीन राजाओं के सिक्कों का प्रदर्शित किया जाएगा, जिसका लाभ सभी सिक्का प्रेमी, बुद्धिजीवी वर्ग विशेषकर विद्यार्थी उठा सकेंगे. इस बार सर्वश्रेष्ठ सिक्का, नोट एवं क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा. क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार 7 जनवरी को होगा जिसमें 10 स्कूल के बच्चे हिस्सा लेंगे.
डॉ. इरानी के प्रयास से हुई थी क्वायन म्यूजियम की स्थापना
डॉ.इरानी क्वायन क्लेक्टर्स क्लब के संरक्षक थे और उनके प्रयास से साकची में क्वायन म्यूजियम की स्थापना हुई थी. क्लब के प्रेसीडेन्ट वीपी सिन्हा, जेनरल सेक्रेटरी पी बाबू राव, सेक्रेटरी कैलाश अग्रवाल और टाटा स्टील यूआईएसएल की प्रवक्ता सुकन्या दास ने बताया कि हर सिक्के अपने आप में एक इतिहास समेटे हुए हैं. मौद्रिक विज्ञान काफी गहन अध्ययन एवं शोध का विषय हैं. वीपी सिन्हा ने बताया कि पद्मभूषण डॉ जमशेद जे ईरानी के सौजन्य से टाटा स्टील द्वारा स्ट्रेट माइल रोड में क्वायन म्यूजियम की स्थापना की गई थी. उल्लेखनीय है कि क्वायन कलेक्टर्स क्लब जमशेदपुर, पूरे झारखंड की एकमात्र मौद्रिक संस्था है, जो जमशेदपुर और आसपास के वासियों को प्राचीन इतिहास से रूबरू कराती है.
आज से लोयोला ग्राउंड में डॉग शो, देश भर के 430 ब्रीड के श्वान करेंगे शिरकत

शो में पहली बार लेब्राडोर एवं बीगल स्पेशलिटी
कोरोना के तीन साल बाद जमशेदपुर केनल क्लब की ओर से डॉग शो का आयोजन होने जा रहा है. पहली बार लोयोला ग्राउंड में होने जा रहे इस शो का आयोजन 6 से 8 जनवरी के बीच होगा. इस बार 71 वां, 72 वां तथा 73 वां डॉग शो का आयोजन होगा, जिसमें देश भर के सभी राज्यों से करीब 430 श्वान शो मे हिस्सा लेंगे. बंगलुरू, चेन्नई, बंगाल और यूपी से लेकर देश के कई प्रांतों के डॉग लवर्स आ रहे हैं.
इस बार के शो में बड़ी संख्या मे विदेशी ब्रीड के श्वान, शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं. मुख्य आकर्षण लेब्राडोर एवं बीगल स्पेशलिटी शो होगा.
इन शो के अलावा पहली बार 12 नये ब्रीड के श्वान दिखेंगे. साथ ही हमारी कोशिश इंडियन ब्रीड के श्वानों को भी प्रमोट किया जाय. हम भारतीय ब्रीड के तीन श्वान को शो में प्रदर्शित करेंगे.
6 जनवरी को टीवी नरेन्द्रन करेंगे उदघाटन
लोयोला ग्राउंड में होने जा रहे इस डॉग शो का उदघाटन सुबह साढ़े आठ बजे टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ और एमडी टीवी नरेन्द्रन करेंगे.
डॉग शो का तीन दिवसीय कार्यक्रम इस प्रकार होगा
शुक्रवार 6 जनवरी
सुबह 8.30 बजे : टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ और एमडी टीवी नरेन्द्रन करेंग
सुबह 9 बजे से : क्लास एक से लेकर सात तक के श्वानों का ओबेडिएंस टेस्ट ( इसमें वे कितने वफादार है, इसकी परीक्षा होगी.)
संध्या 6 बजे : पुरस्कार वितरण (सबसे ज्यादा वफादार श्वान को सम्मानित किया जाएगा.)
शनिवार 7 जनवरी को
सुबह 9 बजे से : लेब्राडोर एवं बीगल स्पेशलिटी शो, 71 वीं ऑल ब्रीड चैंपियनशिप शो
संध्या 6 बजे : पुरस्कार वितरण
रविवार 8 जनवरी को
सुबह 9 बजे से : 72 वीं और 73 वीं ऑल ब्रीड चैंपियनशिप
संध्या 6 बजे : पुरस्कार वितरण

