उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगोड़ा कृति मैदान में रविवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विवाद स्वर्गीय गृधा भूमिज की जमीन को लेकर बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह समेत कुछ स्थानीय लोगों पर आरोप है कि वे विवादित जमीन पर निर्माणाधीन दीवार खड़ी करा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही स्वर्गीय गृधा भूमिज की बेटियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना उचित जांच-पड़ताल के विवादित जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।


