उदित वाणी जमशेदपुर: शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब सरकारी कर्मियों पर भी दिखने लगा है। रविवार को मानगो क्षेत्र में चुनावी कैंप के दौरान एक बीएलओ अचानक लू लगने से बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शाहीन परवीन एनपीएस बागानशाही मानगो की शिक्षिका हैं और 283 नंबर बूथ पर कैंप कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्मी और उमस के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद उन्हें तत्काल मानगो नगर निगम के समीप स्थित दया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें घर ले गए।
लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों ने कैंप और ड्यूटी में तैनात कर्मियों के लिए पर्याप्त पेयजल, छांव और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को भी एक बीएलओ बेहोश हुई थी इसके बावजूद लगातार दूसरे दिन कैंप लगाने एवं कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं।

