उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : जिले के सभी योग्य नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक बड़ी पहल की गई है. जनजातीय कार्य मंत्रालय (भारत सरकार) एवं झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित PM-JANMAN और DA-JGUA कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार, 23 मई 2026 को जिले के 09 प्रखंडों की 20 चयनित पंचायतों में विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविरों का भव्य आयोजन किया गया.
जिले के इन 9 प्रखंडों की 20 पंचायतों में लगे विशेष शिविर
इस महा-अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों की चिन्हित पंचायतों में स्टॉल लगाए गए, जिसका विवरण इस प्रकार है:
सरायकेला प्रखंड: गोविंदपुर एवं हुदू पंचायत.
खरसावां प्रखंड: जोरडीहा एवं कृष्णापुर पंचायत.
कुचाई प्रखंड: बारूहातु एवं रोलाहातु पंचायत.
राजनगर प्रखंड: कुड़मा, डूमरडीहा एवं तुमुंग पंचायत.
गम्हरिया प्रखंड: बांधडीह, नारायणपुर एवं टेंटोपोसी पंचायत.
चांडिल प्रखंड: मातकमडीह एवं धुनाबुरु पंचायत.
नीमडीह प्रखंड: बाडेदा पंचायत.
ईचागढ़ प्रखंड: देवलटांड एवं नदीसाई पंचायत.
कुकड़ू प्रखंड: बेरासिरुम, लोटेमदा एवं ईचाडीह पंचायत.
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
इन शिविरों में पेंशन विभाग, कृषि विभाग, आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और मनरेगा सहित तमाम सरकारी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए. इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी एवं आकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही, मौके पर ही पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई.
पीएम आवास, आयुष्मान और पेंशन समेत कई योजनाओं का मिला लाभ
शिविरों के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं, नए राशन कार्ड, आधार पंजीकरण एवं सुधार, मनरेगा, स्वरोजगार और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई. इस दौरान भारी संख्या में जनभागीदारी देखी गई और चयनित पात्र लाभुकों के बीच ऑन-द-स्पॉट विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों और लाभ का वितरण भी किया गया.
अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मुखिया और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
विभिन्न पंचायतों में आयोजित इन शिविरों की सफलता को लेकर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO) एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र का भ्रमण-सह-निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए. कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.


