उदित वाणी जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के पास रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऑटो चालकों ने लंबे समय से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया। आरोपी कथित तौर पर ऑटो चालकों और राहगीरों को बहाना बनाकर पैसे ऐंठता था।
पीड़ित ऑटो चालक राव के अनुसार, युवक पहले भी उससे तीन हजार रुपये की ठगी कर चुका था। रविवार को उसने फिर नई कहानी गढ़ी। आरोपी ने बताया कि मस्जिद के पास से एक महिला और युवती को लेकर साकची स्थित एक होटल से डायमंड जाना है, जहां शादी समारोह में शामिल होना है। इसके लिए 100 रुपये किराया तय हुआ।
इसके बाद युवक ने पास के एक मकान की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह ऊपर से पैसे लेकर आता है। इसी दौरान उसने चालक से तीन हजार रुपये के चेंज की मांग कर दी। राव ने तुरंत उसे पहचान लिया और पैसे देने के बजाय उसकी बांह पकड़ ली।
खुद को घिरता देख आरोपी स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन चालक के शोर मचाते ही आसपास मौजूद अन्य ऑटो चालक और स्थानीय लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने पीछा कर युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के नोट मिले, जबकि उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
सूचना पर पहुंची गोलमुरी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। स्थानीय चालकों ने ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


