उदित वाणी, पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक नन बैंकिंग कंपनी में 8.75 लाख रुपये की संदेहास्पद चोरी का मामला सामने आया है. कंपनी के मैनेजर द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस की उच्चस्तरीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
मैनेजर ने दर्ज कराया मामला
हाता-हल्दीपोखर मुख्य पथ पर स्थित नन बैंकिंग कंपनी ‘नेबफीन्स लिमिटेड’ के मैनेजर किशोर सैनी ने सोमवार को कोवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, ऑफिस में रखे 8.75 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और चार्जर समेत अन्य सामानों की चोरी हो गई है. मैनेजर ने बताया कि तीन दिनों तक बैंक की छुट्टी होने के कारण मार्केट कलेक्शन की बड़ी राशि कार्यालय में ही रखी हुई थी.
भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे डीएसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, डीएसपी पटमदा वचनदेव कुजूर, एसडीपीओ घाटशिला अजित कुमार कुजूर और थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव दल-बल के साथ हल्दीपोखर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने कंपनी के कार्यालय की गहनता से जांच की और मैनेजर समेत अन्य कर्मियों से लंबी पूछताछ की.
मामला संदेहास्पद, स्टाफ से पूछताछ जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में चोरी की यह घटना संदेहास्पद प्रतीत हो रही है. पुलिस ने कंपनी के सभी महत्वपूर्ण कागजात और रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं. घटना के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच करने के लिए पुलिस ने मैनेजर किशोर सैनी और अन्य सभी स्टाफ को पूछताछ के लिए कोवाली थाना लेकर गई है.
जल्द होगा मामले का उद्भेदन
मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया मामला कुछ और ही संकेत दे रहा है, इसलिए गहन पूछताछ की जा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा और सच्चाई सामने आ जाएगी.


