उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े झपटा मारकर सनसनी फैला दी। कीनन स्टेडियम के समीप बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला का पर्स छीन लिया। वारदात के दौरान महिला चलती बाइक से नीचे गिर पड़ीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर की ओर भाग निकले।
घायल महिला के पति गौरी शंकर पांडेय ने बताया कि वह पत्नी नीतू पांडेय के साथ साकची स्थित एक बुक स्टोर से वापस लौट रहे थे। दोनों बाइक से जेआरडी कॉम्प्लेक्स होते हुए बीएसएनएल कार्यालय की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब पहुंचे। इनमें एक युवक ने लाल रंग की टोपी पहन रखी थी।
प्रत्यक्षदर्शी पति के अनुसार, अपराधियों ने बेहद तेजी से नीतू पांडेय के हाथ से पर्स झपट लिया। अचानक हुए झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। गौरी शंकर पांडेय कुछ दूरी आगे निकल चुके थे, इसलिए उन्हें पत्नी के गिरने की आवाज सुनकर घटना की जानकारी मिली। तब तक दोनों बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए कीनन स्टेडियम, जेआरडी कॉम्प्लेक्स और बाग-ए-जमशेद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


