उदित वाणी, कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिद्दीबेड़ा टोल के समीप शनिवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा (Kandra Road Accident) हो गया, जिसमें कई पैसेंजर घायल हो गए.
कैसे हुआ गिद्दीबेड़ा टोल के पास यह सड़क हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, रांची की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक सफारी कार ने कांड्रा से चांडिल की तरफ जा रहे यात्रियों से भरे एक पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया. इस हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई.
हादसे में 4 यात्रियों की हालत गंभीर, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
इस सड़क दुर्घटना में ऑटो में सवार सभी यात्री घायल हो गए. इनमें से तीन लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चारों गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अपने साथ ले गई.
झारखंड सरकार के उप-सचिव बोर्ड लगी सफारी कार से हुई टक्कर
बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली सफारी वाहन (संख्या: JH 05 BC 2441) पर “उप-सचिव योजना एवं विकास, झारखंड सरकार” का आधिकारिक बोर्ड लगा हुआ था. दुर्घटना के तुरंत बाद सफारी वाहन पर सवार व्यक्ति ने जिम्मेदारी लेते हुए घायलों के समुचित इलाज और क्षतिग्रस्त ऑटो के नुकसान की पूरी भरपाई कराने की बात कही.
घटनाक्रम के बाद कांड्रा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को छोड़ दिया, जिसके बाद दुर्घटना में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई सफारी कार को वाहन सवार व्यक्ति अपने साथ लेकर चले गए.


