उदित वाणी, जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. टाटानगर से जयपुर के बीच बहुप्रतीक्षित सीधी ट्रेन सेवा को आखिरकार मंजूरी मिल गई है. लंबे समय से उठ रही इस मांग पर रेलवे बोर्ड ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए नई ट्रेन चलाने का रास्ता साफ कर दिया है.
इस संबंध में स्थानीय सांसद बिद्युत बरण महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे बोर्ड के स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है और जल्द ही इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनकी लगातार पहल और रेल मंत्रालय के साथ संवाद का सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन सेवा की शुरुआत संतरागाछी से की जाएगी, जो टाटानगर होते हुए सीधे जयपुर तक जाएगी. इस रूट को अंतिम रूप देते समय यात्रियों की संख्या और सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी गई है. टाटानगर स्टेशन को इस सेवा में प्रमुख ठहराव के रूप में शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सांसद महतो ने बताया कि वर्ष 2014 से वे इस दिशा में प्रयासरत थे. उन्होंने पहले भी कई वैकल्पिक प्रस्ताव रखे थे, लेकिन तकनीकी और परिचालन कारणों से वे सफल नहीं हो सके. अब नए स्वरूप में इस योजना को मंजूरी मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है.
ज्ञात हो कि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में राजस्थान मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है, जो लंबे समय से सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे. नई ट्रेन शुरू होने से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी. रेलवे द्वारा जल्द ही इस ट्रेन का विस्तृत टाइम टेबल जारी किए जाने की संभावना है.


