उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों को लेकर रेल प्रशासन ने 4 से 10 मई तक रोलिंग ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है. इस अवधि में रेल लाइन के रख-रखाव और तकनीकी सुधार का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा. रेलवे के इस फैसले से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है.
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 8 मेमू ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है. इसमें आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू (68061/68062) 4 और 7 मई को नहीं चलेगी. वहीं आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा मेमू (68090/68089) 5, 8 और 10 मई को रद्द रहेगी. भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू (68079/68080) भी 5, 8 और 10 मई को रद्द कर दी गई है. इसके अलावा आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077/68078) का परिचालन 10 मई को पूरी तरह बंद रहेगा.
इसके साथ ही आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू (68055/68056) 9 मई को अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं जाएगी. यह ट्रेन आद्रा स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट होकर वापस लौट जाएगी, जिससे टाटानगर तक सफर करने वाले यात्रियों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
हालांकि, यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से रेलवे ने एक सकारात्मक कदम भी उठाया है. गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए संतरागाछी-अजमेर-संतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के परिचालन को 13 अतिरिक्त ट्रिप तक बढ़ा दिया गया है. ट्रेन संख्या 08611 (संतरागाछी-अजमेर) अब 29 जून तक चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 08612 (अजमेर-संतरागाछी) 2 जुलाई तक संचालित रहेगी.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके.


