उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य शेंकी गोहील को गिरफ्तार कर लिया है. यह सफलता जुगसलाई पुलिस को मिली है. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शेंकी गोहील पर जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है.
जेल से रची जा रही थी हत्या और उगाही की साजिश
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनीष सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर शहर में दहशत फैलाने, अवैध उगाही (Extortion) करने और किसी की हत्या की बड़ी साजिश रच रहा है. इस इनपुट के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित न्यू डीएस फ्लैट से शेंकी गोहील को दबोच लिया.
अवैध कमाई का हिसाब और गिरोह का अहम रोल
पूछताछ के दौरान शेंकी गोहील ने स्वीकार किया कि वह मनीष सिंह गिरोह का एक महत्वपूर्ण सदस्य है. वह न केवल आपराधिक गतिविधियों में सहयोग करता था, बल्कि गिरोह की अवैध कमाई का पूरा हिसाब-किताब भी उसी के पास रहता था. उसने खुलासा किया कि गिरोह किसी की हत्या की योजना पर काम कर रहा था, हालांकि हत्या का लक्ष्य (Target) कौन था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
15 ब्लैंक चेक, थार और मोबाइल बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में सामान और दस्तावेज बरामद किए हैं:
15 हस्ताक्षरित (Signed) ब्लैंक चेक
01 महिंद्रा थार वाहन
03 मोबाइल फोन
02 एकरारनामा (Agreements)
अपराधिक इतिहास और गिरोह की स्थिति
गिरफ्तार शेंकी गोहील का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. उल्लेखनीय है कि इस गिरोह के सरगना मनीष सिंह के साथ दीपक सिंह और रौशन सिंह को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है.


