
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील ने टीएमएच विश्वास पोर्टल के जरिए डॉक्टरों की स्लॉट बुकिंग में होने वाली परेशानियों को लेकर नया सिस्टम शुरू करने का फैसला लिया है.
कंपनी के विभिन्न विभागों की जेडीसी में कर्मचारियों की ओर से उठाये गये सवाल के बाद टाटा स्टील प्रबंधन ने इसमें बदलाव करने की बात कही है. सूत्रों का कहना है कि कंपनी नया सॉफ्टवेयर लाने जा रही है, जिसके जरिए बुकिंग में होने वाली परेशानियों को दूर किया जा सकेगा.
यही नहीं स्लॉट बुकिंग के बाद होने वाले कैंसेलेशन के बाद दूसरे मरीजों को मौका देने के लिए कंपनी ने वेटिंग लिस्ट सिस्टम शुरू करने का फैसला लिया है. बताया जाता है कि टीएमएच के एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि 25 फीसदी बुकिंग कैंसल हो जाती है.
ऐसे में वेटिंग लिस्ट होने पर कैंसल मरीजों की जगह वेटिंग लिस्ट के मरीजों को डॉक्टर से दिखाने का मौका मिलेगा. यही नहीं मरीजों को ज्यादा से ज्यादा सेवा देने के लिए टीएमएच प्रबंधन ने मणिपाल अस्पताल के डॉक्टरों की भी सेवा लेने का फैसला लिया है, ताकि ज्यादा मरीजों की जरूरत को पूरा किया जा सके.

