
उदित वाणी, सरायकेला : नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मतदान-पूर्व तैयारियों पर बैठक आयोजित की गई.
बैठक में विभिन्न कोषांगों की गतिविधियों और पूर्व निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर क्षेत्र के क्रिटिकल बूथों पर सुरक्षा एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने, सभी पदाधिकारियों-कर्मियों का समय पर प्रशिक्षण, मतपेटियों की प्रूफ-रीडिंग, वाहनों की उपलब्धता और आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए.
मुख्य निर्देश
– अभ्यर्थियों के साथ बैठक कर प्रचार नियमों की जानकारी देना.
– सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित करना.
– एसएसटी चेकपोस्ट पर टेंट, प्रकाश, पेयजल आदि उपलब्ध कराना.
– संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी और शिकायतों का त्वरित निस्तारण.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन हो, जिसमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है. लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

