उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी व एलकेजी में दाखिले के लिए लॉटरी का दौर शुरू हो गया है. इस लॉटरी मे अभिभावकों व उनके बच्चों के दाखिले का फैसला किया जा रहा है.
शहर के तमाम निजी स्कूलों में लॉटरी की यह प्रक्रिया 20 जनवरी तक पूरी कर लेनी है, इसके बाद 21 जनवरी को सभी स्कूलों में एक साथ लॉटरी में चयनित बच्चों के नाम की लिस्ट जारी की जाएगी. इसके उपरांत दाखिले की कवायद शुरू होगी. मंगलवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल व गुलमोहर स्कूल टेल्को समेत कई अन्य स्कूलों में लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की गई.
स्कूल में नर्सरी के सत्र 2023-2024 के लिए मंगलवार को प्राप्त आवेदकों के आधार पर मैन्युअल लॉटरी निकली गई. लॉटरी की इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्या प्रज्ञा सिंह के साथ पूर्वी सिहभूम के जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि देवाशीष सुजय कुमार भी लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहे.
इनके अलावा एआरओ झारखण्ड जोन ए सह प्राचार्य ओपी मिश्रा, टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह, अधिवक्ता हरजीत सिंह, डीएवी विद्यालय बहरागोड़ा के प्राचार्य अनूप कुमार, डीएवी स्कूल चाईबासा की प्राचार्या रेखा कुमारी समेत डीएवी एलएमसी स्थानीय प्रबंधन समिति के सदस्य गंगा प्रसाद झा, प्राचार्य डीएवी पब्लिक स्कूल लोहरदगा, अभिभावक प्रतिनिधि के सदस्य निधि सिंह, अमित खिरवाल और अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न की गई.
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने सबका स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे विद्यालय के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह चुने हुए नौनिहाल जो देश के भविष्य हैं, वो अगले 15 सालों के लिए हमारे साथ रहते हैं और इन्हे विद्यालय में सुरक्षित रखते हुए सभ्य एवं सुशिक्षित नागरिक बनाना ही हमारा लक्ष्य है.
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस अवसर पर उपस्थित रहने के लिए धन्यवाद दिया. लॉटरी में कुल 200 सीटों में से 50 सीटें बीपीएल कोटे के लिए आरक्षित रखकर 150 सीटों के लिए अलग-अलग श्रेणियों के लिए लॉटरी निकली गई.
कुल 1400 नामांकन लोगों ने किया था. उम्मीदवारों के वीडिओ और चयन सूची डीएवी पब्लिक स्कूल वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी. यह लॉटरी प्रणाली डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर द्वारा नर्सरी स्तर पर चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता प्रतिबिंबित करती है. समस्त कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न शिक्षकगण सुतापा घोष, सुजाता मुखर्जी, रिकी कुमारी, सुनीता कुमारी, अवशेष कुमार समेत नर्सरी की शिक्षिकाओं की भूमिका उल्लेखनीय रही.
इन स्कूलों में भी होगी लॉटरी
विद्या भारती चिन्मया विद्यालय : 12 जनवरी
केपीएस मानगो : 12 जनवरी
जेएच तारापोर स्कूल : 12 जनवरी
स्कूल साउथ पार्क : 16 जनवरी
डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल : 16 जनवरी
तारापोर स्कूल : 17 जनवरी
हाईस्कूल : 17 जनवरी
जमशेदपुर पब्लिक स्कूल : 19 जनवरी


