
उदित वाणी, गुवा : बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन इंटक (दुबे ग्रुप) के उपाध्यक्ष दिलबाग सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों एवं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते वे यूनियन के कार्यों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे. ऐसे में उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया.
दिलबाग सिंह पिछले चार दशकों से संगठन में सक्रिय रहे हैं और इस दौरान उन्होंने मजदूरों के हितों की रक्षा तथा उनके अधिकारों के लिए निरंतर कार्य किया. अपने लंबे कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बीच काम करते हुए उन्हें हमेशा गर्व और संतोष की अनुभूति हुई.
उन्होंने यूनियन सदस्यों और मजदूरों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक एकता और आपसी विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है. साथ ही उन्होंने आगे भी संगठन की मजबूती और मजदूर हितों के लिए योगदान जारी रखने का संकल्प जताया.

