उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के नवनिर्वाचित सहायक सचिव संजीव रंजन के आवास पर आज इंटक (INTUC) और यूनियन पदाधिकारियों के लिए एक भव्य ‘मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया. संजीव रंजन के सहायक सचिव पद पर निर्वाचित होने की खुशी में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में यूनियन के सदस्य, श्रमिक नेता और प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रमुख अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह और अध्यक्ष शशी भूषण प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित हुए. इसके अलावा जिला परविंदर सिंह, रामाश्रय प्रसाद, शैलेश पांडेय, विजय यादव और परितोष सिंह भी समारोह में शामिल हुए. समारोह की शुरुआत में संजीव रंजन ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया.
बन्ना गुप्ता का युवाओं को संदेश
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज युवा पीढ़ी के ऊपर ही देश का दारोमदार है. उन्होंने जोर देकर कहा कि असंगठित क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आंदोलन की जरूरत है.
आर.के. सिंह ने बताया ‘कलेक्टिव बार्गेनिंग’ का महत्व
यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने संजीव रंजन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा:
“वर्तमान समय में युवा नेतृत्व से संगठन को बहुत उम्मीदें हैं. कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन के साथ निरंतर संवाद आवश्यक है. आज के औद्योगिक परिदृश्य में किसी भी जटिल समस्या का समाधान ‘कलेक्टिव बार्गेनिंग’ (सामूहिक सौदेबाजी) के माध्यम से ही संभव है. मुझे विश्वास है कि संजीव रंजन कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से प्रबंधन के समक्ष रखेंगे.”
श्रमिकों और प्रबंधन के बीच सुदृढ़ तालमेल की उम्मीद
समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ टाटा मोटर्स प्रबंधन के कई पदाधिकारियों ने भी शिरकत की. सभी ने संजीव रंजन को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी. सहायक सचिव के रूप में एक युवा और जुझारू चेहरे के चुने जाने से कर्मचारियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा गया. कार्यक्रम के अंत में संजीव रंजन ने सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए विश्वास दिलाया कि वे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहेंगे.


