उदित वाणी जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर पुरी ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी नाबालिग को अपने साथ ओडिशा ले गया और वहां एक होटल में ठहरने के दौरान उसके साथ गलत काम किया। इस दौरान आरोपी ने किशोरी का अश्लील वीडियो भी बना लिया। जमशेदपुर वापस लौटने के बाद आरोपी उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा। बदनामी के डर से नाबालिग ने घर के कुछ गहने और नकदी भी आरोपी को दे दी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी की मांगें खत्म नहीं हुईं।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
अंततः प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घिनौने कृत्य में आरोपी के परिवार ने भी उसका साथ दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान पर आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी जुगसलाई के गौरी शंकर रोड का रहने वाला है और फिलहाल अपने परिवार के साथ फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जुगसलाई पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पुरी होने के कारण तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जल्द ही दोषी को पकड़ लिया जाएगा।


