उदित वाणी, जमशेदपुर: : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुलिया के नीचे शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे मवेशी चोरी के आरोप में एक युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 20 से 25 लोगों की भीड़ ने युवक को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची सोनारी पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान इरशाद आलम के रूप में हुई है, जो कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो टोला कामारगोड़ा का निवासी बताया गया है। घटना के संबंध में स्थानीय सूत्रों का कहना है कि युवक पर कपाली क्षेत्र से गाय चोरी कर भागने का आरोप लगाया जा रहा था। मौके पर मौजूद कुछ लोगों को बजरंग दल से जुड़ा बताया जा रहा है।
वहीं घायल इरशाद आलम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह पेशे से टाइल्स मिस्त्री है और सोनारी कागलनगर क्षेत्र में काम करता है। शुक्रवार शाम मजदूरी करने के बाद वह नदी किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया, उसके हाथ में गाय पकड़ाकर वीडियो बनाया और चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


