
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया तीन महीने के बाद शुरू कर दी गई है. नवंबर में विश्वविद्यालय की ओर से पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अधिसूचना जारी की गई थी.
लेकिन उस समय शिक्षकों की कमी को देखते हुए आवेदन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी. अब कुलसचिव डॉ. अविनाश कुमार सिंह की ओर से पीएचडी में दाखिले के लिए फिर से अधिसूचना फिर से जारी की गई है. इसके मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया विश्वविद्यालय की ओर से शुरू कर दी गई है और 16 अप्रैल तक छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दाखिले के लिए आवेदन कर सकती हैं.
अधिसूचना के मुताबिक विमेंस यूनिवर्सिटी में पीएचडी में दाखिले के लिए इस बार प्रवेश परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा. यह पहली दफा है, जब विश्वविद्यालय में पीएचडी दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा ली जा रही है.
यह परीक्षा 14 मई को आयोजित की जाएगी. इसके बाद 20 मई को प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाएगा. 21 जून से चयनित छात्राओं का साक्षात्कार शुरू होगा, जो 24 जून तक चलेगा. प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार में चयनित छात्राओं की अंतिम सूची 28 जून को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
इसके बाद छात्राओं का एक जुलाई से 10 जुलाई तक नामांकन लिया जाएगा. अधिसूचना के मुताबिक, 15 जुलाई से पीएचडी की कक्षाएं भी शुरू कर दी जाएंगी.
फिलहाल विश्वविद्यालय की अधिसूचना के मुताबिक, पीएचडी में अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, हिंदी, होम साइंस, म्यूजिक, उड़िया, राजनीति विज्ञान, उर्दू, कॉमर्स, बॉटनी, रसायन एवं गणित विषयों में पीएचडी में दाखिले के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं.

