उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के मेन गेट के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सूचना मिली कि एक सपेरा दो टोकरी में सांप छोड़कर वहां से चला गया है। बताया गया कि दोनों टोकरी का ढक्कन खुला हुआ था और उसमें अत्यंत विषैला कोबरा सांप मौजूद था, जिसे स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप भी कहा जाता है।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों कोबरा सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। मामले की जानकारी Forest Department के डीएफओ को भी दे दी गई है। रेस्क्यू किए गए सांपों को अब सुरक्षित रूप से जंगल में रिलीज किया जाएगा।
इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया था, हालांकि समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।


