उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) ग्रासरूट्स डे को धूमधाम से मनाया. शुक्रवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आर्टिफिशियल टर्फ पर फुटबॉल, मजेदार गतिविधियों और सीख के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया. जमशेदपुर एफसी फुटबॉल स्कूल के लगभग 200 युवा फुटबॉलरों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
यह आयोजन एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) और ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के निर्देश पर एशिया भर में ग्रासरूट्स फुटबॉल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया. कार्यक्रम में अंडर-14 बैच के बच्चों के लिए फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जबकि अंडर-5 से अंडर-12 तक के बच्चों ने स्मॉल-साइडेड मजेदार खेलों और आकर्षक फुटबॉल गतिविधियों में भाग लिया. इन गतिविधियों को बच्चों में आनंद, टीम भावना और पूर्ण भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किया गया था.
कोच और स्टाफ सदस्यों के मार्गदर्शन में बच्चे मैचों, स्किल-बेस्ड गेम्स और इंटरैक्टिव सेशन्स का भरपूर आनंद उठाते नजर आए. पूरे कार्यक्रम का माहौल बेहद ऊर्जावान और उत्साहपूर्ण रहा. एएफसी ग्रासरूट्स डे के इस आयोजन के जरिए जमशेदपुर एफसी ने क्षेत्र के बच्चों में युवा प्रतिभाओं को निखारने और सकारात्मक फुटबॉल वातावरण बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.


