उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह इलाके में संचालित हो रहे अवैध लॉटरी जुआ कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लॉटरी जुआ संचालन में इस्तेमाल होने वाला बोर्ड, मोहर, कॉपी, स्टाम्प पैड और नकद राशि बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार 22 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि धातकीडीह के सार्वजनिक स्थानों पर अवैध लॉटरी जुआ चलाया जा रहा है, जिससे लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है. सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर धातकीडीह के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया.
छापेमारी के दौरान धातकीडीह हरिजन बस्ती से तीन लोगों को अवैध जुआ खेलते और खिलाते हुए दबोचा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कमरुद्दीन (47), मो. तनवीर कुरैशी (34) और मो. तनवीर जाफर (37) के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “राजश्री लॉटरी जुआ” का संचालन कर लोगों से अवैध तरीके से पैसे वसूलते थे.
पुलिस ने मौके से करीब 3.6×2.6 फीट का लॉटरी बोर्ड, 0 से 9 तक के 10 मोहर, एक स्टाम्प पैड, नंबर दर्ज दो कॉपियां तथा 10,230 रुपये नकद बरामद किए हैं.
इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 58/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं बंगाल गैंबलिंग एक्ट 1867 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


