
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के निजी अंग्रेजी स्कूलों ने नर्सरी व एलकेजी में एडमिशन के लिए लॉटरी के द्वारा चयनित बच्चों की सूची जारी कर दी. सुबह के आठ बजे से स्कूलों ने अपने वेबसाइट पर ऑनलाइन लिस्ट जारी करने के साथ-साथ स्कूलों के नोटिस बोर्ड में भी इस लिस्ट को चस्पा करना शुरू कर दिया.
दोपहर के दो बजे तक लगभग सभी स्कूलों ने लॉटरी से चयनित बच्चों की सूची दारी कर दी. सूची देखने के लिए बच्चों के अभिभावकों की धड़कनें सुबह से बढ़ी हुई थी.
सो, स्कूलों के बाहर नोटिस बोर्ड में टंगी सूची देख कर किसी के चेहर पर मुस्कान दौड़ पड़ी, तो किसी की आंखे नम हो गई. चूंकि शहर के 23 आईसीएसई स्कूल व 20 सीबीएसई स्कूलों ने नर्सरी व एलकेजी में दाखिले के लिए लिस्ट जारी की है और इन स्कूलों में महज 9500 सीटें उपलब्ध हैं, सो 60 हजार से अधिक आवेदनों के कारण सभी बच्चों को इन स्कूलों में जगह मिल पाना मुमकिन नहीं था.
इसलिए जिन बच्चों का नाम लिस्ट में नहीं था, उनके अभिभावक मायूस व नम आंखों के साथ लौट गए. वहीं जिनका नाम था, वे एडमिशन की तैयारियों में लग गए.
हालांकि कुछ स्कूलों ने सूची के साथ यह भी उल्लेख किया है कि सीटें बच जाने की स्थिति में तीन-चार दिन के भीतर पुन: वेटिंग लिस्ट में शामिल बच्चों की दूसरी चयन सूची जारी की जाएगी. बहरहाल, प्राइवेट स्कूलों की प्रवेश कक्षाओं में नामांकन के लिए भागदौड़ कर रहे अभिभावकों में कई ऐसे थे, जिनके बच्चे का एक या उससे अधिक स्कूल में नाम चयन सूची में मिला.
वहीं कई ऐसे भी थे जिन्होंने छह से आठ स्कूलों तक में आवेदन किया था, लेकिन किसी एक स्कूल में भी उनके लाडले का चयन नहीं हुआ.
आज से ही शुरू हो जाएगी दाखिले की प्रक्रिया
एडमिशन के लिए बच्चों की सूची निकलने के बाद स्कूलों में रविवार से ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. सबसे पहले लोयोला स्कूल बिष्टूपुर में यह प्रक्रिया शुरू होगी.
इसके लिए लोयोला स्कूल ने चयनित बच्चों की सूची निकालने के साथ ही 22 जनवरी, रविवार से ही काउंसिलिंग के लिए बच्चों और अभिभावकों को स्कूल बुलाया है. काउंसिलिंग के बाद बच्चों को नामांकन का मौका दिया जाएगा. वहीं कई स्कूल सोमवार यानी 23 जनवरी से ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू करेंगे.
मसलन गुलमोहर हाई स्कूल टेल्को में 120 बच्चों की सूची जारी की गई. यहां 23-24 जनवरी को दाखिले के लिए चयनित छात्रों को बुलाया गया है. इसी तरह जेएच तारापोर स्कूल भी 23 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू देगा. इसके लिए अभिभावकों को सूचना दे दी गई है.
वहीं जेपीएस बारीडीह में 120 बच्चों की लिस्ट निकाली गई. यहां 23 जनवरी से नामांकन के लिए चयनित छात्रों को बुलाया गया. इसी तरह एसडीएसएम स्कूल सिदगोड़ा में 120 बच्चों कीलिस्ट निकाली गई. यहां भी 23 जनवरी से नामांकन के लिएचयनित छात्रों को बुलाया गया है. इसी तरह तारापोर स्कूल एग्रिको में दाखिला 25 जनवरी से शुरू होगा.
वहीं, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में भी दाखिले की प्रक्रिया 24 जनवरी को शुरू हो जाएगी. इस दिन अभिभावकों को बच्चों के प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और एडमिशन फीस की रकम जमा करने के लिए कहा गया है.
वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टूपुर में 27 जनवरी से दाखिला होगा। यहां 27 जनवरी को टाटा स्टील के कर्मचारियों के बच्चों का दाखिला. 28 को भी टाटा स्टील कोटे के बच्चों को ही एडमिशन दिया जाएगा. इसके बाद 31 जनवरी को सामान्य कोटि के चयनित बच्चों को नामांकन के लिए बुलाया गया है.
इधर, सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल में 23 जनवरी को ही चयनित बच्चों के अभिभावकों के साथ एडमिशन लेने के लिए स्कूल बुलाया गया है. कान्वेंट में 23 जनवरी की सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एडमिशन स्लिप लेने के लिए बच्चों को अभिभावकों के साथ बुलाया गया है.
वहीं, लोयोला स्कूल जमशेदपुर में भी शनिवार को ही दाखिले के लिए चयनित एलकेजी के बच्चों की सूची जारी कर दी गई है. यहां 22 जनवरी यानी रविवार को ही बच्चों को दाखिले की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. उधर विद्याभारती चिन्मय विद्यालय में 25 जनवरी को चयनित बच्चों को नामांकन की तिथि की जानकारी लेने के लिए विद्यालय आने के लिए बुलाया गया है.
लिटिल फ्लावर स्कूल टेल्को में भी नर्सरी में दाखिले की सूची जारी कर दी गई है. यहां बच्चों को दाख़िले के लिए 27 जनवरी को आने के लिए कहा गया है.
स्कूलों ने जारी किया एडमिशन फीस का ब्रेकअप
नामांकन के लिए बच्चों की सूची जारी करने के साथ ही निजी स्कूलों ने एडमिशन फीस का ब्रेकअप भी जारी कर दिया. इस बार कई स्कूलों ने नर्सरी और एलकेजी में एडमिशन के लिए चयन सूची के साथ फीस में बढ़ोतरी का इशारा कर दिया है. इस बार स्कूलों में 15 हजार रुपये से 45 हजार रुपये तक एडमिशन फीस के रूप में जमा ली जा रही है.
तारापोर स्कूल एग्रिको में 15 हजार रुपये एडमिशन फीस के रूप में जमा करने होंगे. वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टूपुर में नामांकन के लिए 45 हजार रुपये एडमिशन फीस लिया जाएगा.
इसके साथ ही इस वर्ष स्कूलों की ओर से एडमिशन फीस में भी 10 प्रतिशत तक की वृद्धि की गयी है. इस बीच सूची में नाम देखने के लिए कई ऐसे लोग भी देखने को मिले, जो सपरिवार स्कूलों का चक्कर लगाते रहे. किसी से गोद में एक बच्चा था और दूसरे को हाथ से पकड़ कर संभाल रहा था.
वहीं कुछ परिवारों के दो-दो, तीन-तीन लोग स्कूलों की ओर निकल पड़े थे, ताकि जल्द रिजल्ट पता किया जा सके. रिजल्ट को लेकर घरों में भी लोगों की उत्सुकता बनी रही. इसलिए मोबाइल के माध्यम से लोग रिजल्ट की जानकारी लेते रहे.

