
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी होली के अवसर पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टाटानगर से बक्सर के बीच होली विशेष टीओडी (त्योहार विशेष) गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है. 08183/08184 टाटानगर-बक्सर-टाटानगर होली विशेष गाड़ी कुल 5-5 फेरे लगाएगी.
08183 टाटानगर-बक्सर होली विशेष गाड़ी 03 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को टाटानगर से शाम 5:10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे बक्सर पहुंचेगी. वापसी में 08184 बक्सर-टाटानगर होली विशेष गाड़ी 04 मार्च 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक बुधवार को बक्सर से दोपहर 12:00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी.
यह गाड़ी मार्ग में चांडिल स्टेशन, पुरुलिया जंक्शन, बोकारो स्टील सिटी स्टेशन, धनबाद जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन और आरा स्टेशन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार होली पर्व के दौरान बिहार और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है. इस विशेष गाड़ी के संचालन से यात्रियों को आरक्षित सीट मिलने में सहूलियत होगी तथा नियमित गाड़ियों पर दबाव कम होगा. यात्रियों से समय-सारिणी के अनुसार यात्रा करने और अग्रिम आरक्षण कराने की अपील की गई है.

