
उदित वाणी, रामगढ़ : रामगढ़ जिले के पतरातु थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से विदेशी बनावट की घातक पिस्टल बरामद हुई है.
एसपी को मिली गुप्त सूचना पर छापेमारी
यह कार्रवाई 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे की गई. रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार लेकर घूम रहा है. इस सूचना के सत्यापन के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
तुर्की निर्मित ‘जिगाना’ पिस्टल बरामद
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलिया गांव में दबिश दी और अनीश अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से टर्की (Turkey) निर्मित ZIGANA कंपनी का 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया.
राहुल दुबे गैंग से कनेक्शन का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी अनीश अंसारी ने पुलिस के सामने बड़ा खुलासा किया है. उसने बताया कि यह अत्याधुनिक पिस्टल उसे राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य ने दी थी. यह हथियार उसे एक फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षित छिपाकर रखने के उद्देश्य से सौंपा गया था.
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपी की पहचान 35 वर्षीय अनीश अंसारी (पिता- ताहिर अंसारी) के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनीश का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2021 में भी पतरातु थाना में उसके खिलाफ जबरन वसूली (Extortion) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 101/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस सफल छापेमारी दल में पतरातु थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अब राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है.

