
उदित वाणी, रांची: झारखंड की राजधानी रांची आज ‘नारी शक्ति’ की गूँज से दहल उठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के विरोध में कांग्रेस, JMM और पूरे इंडी गठबंधन के नकारात्मक रवैये के खिलाफ हजारों महिलाओं ने ‘महिला आक्रोश मार्च’ निकाला। मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली इस पदयात्रा ने विपक्ष के महिला विरोधी चेहरे को उजागर करने का काम किया।
चिलचिलाती गर्मी भी नहीं रोक पाई महिलाओं का जोश
राजधानी की सड़कों पर आज मातृशक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। भीषण गर्मी के बावजूद, राज्य भर से आईं हजारों महिलाएं मोरहाबादी मैदान में एकत्रित हुईं। हाथों में तख्तियां और जुबान पर अधिकार की मांग लिए महिलाओं ने स्पष्ट कर दिया कि वे अब अपना अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगी। मोरहाबादी में एक विशाल सभा के बाद केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू हुई, जिसने पूरी राजधानी को नारी शक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया।
विपक्ष ने किया महिलाओं के साथ विश्वासघात: अन्नपूर्णा देवी
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 से ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से महिलाओं को सशक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब संसद में महिला आरक्षण बिल (16-18 अप्रैल का विशेष सत्र) पारित करने की बारी आई, तो कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने इसके खिलाफ मतदान कर जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मानसिकता हमेशा ‘लटकाने और भटकाने’ की रही है, जिसका जवाब महिलाएं आने वाले चुनाव में देंगी।
इंडी गठबंधन ‘बहुरूपिया’ और ‘ठग’: प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल अपने परिवार की महिलाओं (सोनिया, प्रियंका और कल्पना सोरेन) की चिंता करते हैं, उन्हें राज्य की आम बेटियों की फिक्र नहीं है। उन्होंने झारखंड में बढ़ते अपराधों और ‘मईया योजना’ के नाम पर हो रहे ढकोसले की आलोचना की। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि ऐसे ‘बहुरूपियों’ को गांवों से खदेड़ने की जरूरत है।
आधी आबादी के गुस्से में जलकर स्वाहा होगा विपक्ष: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को 33% भागीदारी देने के लिए विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन झामुमो और कांग्रेस ने इसका विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इंडी गठबंधन ने समय रहते नारी शक्ति के इस दर्द को नहीं समझा, तो वे इस आक्रोश की ज्वाला में जलकर स्वाहा हो जाएंगे।
पद्मश्री विजेताओं ने भरी हुंकार
पद्मश्री छुटनी महतो: “जो काम कांग्रेस 30 साल में नहीं कर पाई, मोदी जी ने 2 दिन में किया। हम अब कभी कांग्रेस के पास नहीं जाएंगे।”
पद्मश्री जमुना टुडू: “हमें अपना अधिकार छीनना आता है। राहुल गांधी चाहे जो करें, हम अपना सम्मान लेकर रहेंगे।”
संजय सेठ और अन्य नेताओं का संबोधन
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि विपक्षी दलों ने मातृशक्ति के साथ ‘महापाप’ किया है। विधायक नीरा यादव और महापौर रोशनी खलखो ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नारी अब ‘अबला’ नहीं ‘सबला’ है और अब गुहार नहीं, ‘उलगुलान’ होगा।

