
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र के अंतर्गत बड़ामारा गांव में रविवार की देर रात जंगली हाथी ने एक 42 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल व्यक्ति की पहचान सोनाराम मुर्मू के रूप में हुई है. इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
खेत से लौटते समय हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, सोनाराम मुर्मू रविवार रात अपने खेत में गरमा धान की सिंचाई कर दो अन्य साथियों के साथ घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया. खतरा भांपते ही सोनाराम के साथ मौजूद दो अन्य लोग मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन हाथी ने भागते समय सोनाराम को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया.
एमजीएम अस्पताल रेफर, दाहिना चेस्ट फैक्चर
ग्रामीणों के सहयोग से घायल सोनाराम को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्रभारी डॉ. रंजीत मुर्मू ने बताया कि हाथी के हमले के कारण घायल का दाहिना चेस्ट फैक्चर हो गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम (MGM) अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
क्षेत्र में हाथियों का झुंड सक्रिय
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बड़ामारा जंगल में इस समय 8 से 10 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की क्यूआरटी (QRT) टीम हाथियों को भगाने के प्रयास में जुटी हुई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है.

