
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित जियाडा भवन में क्षेत्रीय निदेशक प्रेमरंजन की अध्यक्षता में लैंड एलाँटमेंट कमिटी (LAC) और प्लॉट क्लियरेंस कमिटी (PCC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
22 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 10 रिक्त भूखंडों पर चर्चा
बैठक के दौरान कुल 41 प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें से 22 प्रस्तावों को समिति ने अपनी मंजूरी दे दी. ये प्रस्ताव 10 रिक्त भूखंडों और एक फ्लैटेड फैक्ट्री के लिए जारी किए गए विज्ञापन के जवाब में प्राप्त हुए थे. विज्ञापन की शर्तों के अनुसार, इन 10 भूखंडों में से तीन राईस मिल के लिए और एक शिक्षण संस्थान के लिए आरक्षित रखा गया है.
अनुपस्थित आवेदक और दस्तावेजी कमियां
कुल आवेदकों में से 5 आवेदक बैठक के दौरान अनुपस्थित रहे. वहीं, कुछ प्रस्तावों में आवश्यक कागजातों की कमी पाई गई. क्षेत्रीय निदेशक ने सख्त निर्देश दिए कि संबंधित आवेदक कार्यालय समय सीमा के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज जमा करना सुनिश्चित करें.
बैठक में उपस्थित प्रमुख व्यक्तित्व
इस बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक रवि कुमार, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के प्रतिनिधि और एसबीआई एमएसएमई शाखा के प्रतिनिधि शामिल हुए. इनके अलावा जियाडा मुख्यालय के दो प्रतिनिधि, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के अध्यक्ष इन्दर कुमार अग्रवाल, सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया, स्वपन मजूमदार और टिक्की के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे.

