
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर की सामाजिक संस्था FTS युवा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है. रांची के होटल रामाडा में 24 से 26 अप्रैल 2026 तक आयोजित 3rd FTS Yuva National Meet “Abhigya 3.0” में जमशेदपुर चैप्टर ने चार प्रमुख पुरस्कार और सम्मान अपने नाम किए. इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 25 प्रमुख शहरों (जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे और बैंगलोर) की समितियों ने भाग लिया था.
इन श्रेणियों में मिले पुरस्कार और नामांकन
जमशेदपुर चैप्टर को “Print Media Excellence” और “Excellence in Report Submission” के क्षेत्र में शानदार कार्य के लिए अवॉर्ड प्रदान किए गए. इसके अलावा, ‘Ekal Run’ और ‘Sanskar Gurukul’ जैसी सामाजिक पहलों के लिए संस्था को विशेष सम्मान पत्र दिया गया. पुरस्कारों के साथ-साथ जमशेदपुर को Most Innovative Initiative, Green Initiative Excellence, FTS Kids Initiative और ADP Excellence जैसी कई श्रेणियों में नामांकन भी प्राप्त हुआ.

टीम वर्क और समर्पित प्रयासों का परिणाम
पूर्व अध्यक्ष रश्मि गर्ग ने इन उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम को दिया. उन्होंने विशेष रूप से सौरव सोनथालिया (मीडिया), स्नेहा अग्रवाल (मासिक रिपोर्ट), डॉ. मुकेश पटवारी (एकल रन), पायल सोनथालिया एवं कृतिका गोयल (एकल किड्स) तथा स्वेता गोयल, पायल मूनका और कोमल सी. मित्तल (गुरुकुल समर क्वेस्ट) की सक्रिय भूमिका की सराहना की. सम्मेलन में जमशेदपुर का प्रतिनिधित्व रश्मि गर्ग, सौरव सोनथालिया, पियूष कुमार चौधरी और प्रवीण अग्रवाल ने किया.
किरण बेदी सहित कई दिग्गजों ने किया संबोधित
सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने अपने विचारों से युवाओं को प्रेरित किया. मुख्य वक्ताओं में किरण बेदी, मुकुल कनिटकर, रेनुका गोस्वामी, शेफाली वैद्य, अतुल सत्य कौशिक, पारिधि मंगलमपल्ली, विरस और शगुन पाठक शामिल थे. कार्यक्रम के दौरान भजन जेमिंग, एक्वा ज़ुम्बा और म्यूजिकल नाइट जैसे आयोजनों ने इसे यादगार बना दिया.
भविष्य के लिए नई ऊर्जा
उपाध्यक्ष पियूष कुमार चौधरी ने सभी सदस्यों और महिला समिति के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि टीम की एकजुटता ने यह सफलता दिलाई है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान अध्यक्ष सौरव सोनथालिया और सचिव पूनम अग्रवाल के नेतृत्व में जमशेदपुर चैप्टर भविष्य में और भी गौरवशाली कार्य करेगा.

