
उदित वाणी, जामताड़ा: हावड़ा-नई दिल्ली मेन लाइन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 18420 अप जयनगर-पुरी एक्सप्रेस के एक जनरल कोच से अचानक धुआं उठने लगा. यह घटना जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच सहाना गांव के पास, पोल संख्या 253/20 के समीप हुई. घटना स्थल जामताड़ा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
अचानक धुआं उठने से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के जनरल कोच से घना धुआं निकलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई. किसी बड़े हादसे की आशंका से घबराए यात्री ट्रेन रुकते ही जल्दबाजी में नीचे उतर गए और इधर-उधर भागने लगे. कुछ समय के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे आसपास के लोग भी सहम गए.
तकनीकी खराबी बनी वजह
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया. स्टेशन मास्टर ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ब्रेक बाइंडिंग हो गई थी, जिससे पहियों में अत्यधिक घर्षण उत्पन्न हुआ और उसी कारण धुआं निकलने लगा.
तकनीकी जांच के बाद ट्रेन रवाना
रेलवे की तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रभावित कोच की गहन जांच की गई. सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को कुछ समय तक रोके रखा गया. सभी पहलुओं की जांच के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर ट्रेन को पुनः अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया.
सभी यात्री सुरक्षित
इस घटना में किसी भी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है. रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की जाती है. फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और ट्रेन अपनी निर्धारित यात्रा पर आगे बढ़ चुकी है.

