उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार को ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ दो शातिर अपराधियों ने खुद को साधु बताकर एक महिला के गहने ठग लिए.
विश्वास जीतकर रची साजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलमुरी केबुल टाउन निवासी मंजू देवी साकची बाजार में खरीदारी करने आई थीं. इसी दौरान बसंत सिनेमा के पास साधु के वेश में दो लोगों ने उन्हें रोका. आरोपियों ने पहले मंजू देवी से पानी मांगकर उनका भरोसा जीता और फिर बातचीत शुरू की.
बेटे पर संकट का डर दिखाकर की ठगी
ठगों ने मंजू देवी को अपनी बातों के जाल में फंसाते हुए कहा कि उनके बेटे पर ‘गंभीर संकट’ मंडरा रहा है. इस काल्पनिक संकट को दूर करने के लिए उन्होंने विशेष पूजा का झांसा दिया. ममता और डर के कारण महिला उनकी बातों में आ गई. पूजा के बहाने ठगों ने महिला से उनके गहने उतरवा लिए और उन्हें साफ करने या पूजा करने का नाटक करते हुए रफूचक्कर हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे
काफी देर इंतजार के बाद जब आरोपी नहीं लौटे, तो मंजू देवी को ठगी का एहसास हुआ. उन्होंने तुरंत साकची थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास में न पड़ें और अजनबियों पर भरोसा न करें.


