
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या-22 की पार्षद अंजू सिंह ने मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग रखी।
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट
पार्षद अंजू सिंह ने सरायकेला-खरसावां के जिला उपायुक्त (DC) नीतिश कुमार सिंह से मुलाकात की। उन्होंने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया। मुलाकात के दौरान पार्षद ने वॉर्ड संख्या-22 में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन से निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन का आग्रह किया।
एसडीपीओ से सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर चर्चा
उपायुक्त से मिलने के बाद पार्षद अंजू सिंह सरायकेला के एसडीपीओ समीर सवैया से मिलीं। उन्होंने एसडीपीओ को वॉर्ड क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ी चोरी की घटनाओं से अवगत कराया। पार्षद ने मांग की कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि निवासियों के बीच सुरक्षा का भाव बना रहे और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लग सके।
मुलाकात के दौरान उनके साथ मुख्य रूप से संजीव सिंह बबुआ भी उपस्थित थे।

