उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी के विभिन्न बाजारों के दुकानदारों ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा दुकानों के किराए में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट हुए दुकानदारों ने इस निर्णय को वापस लेने की पुरजोर मांग की है.
बिना पूर्व सूचना और संवाद के फैसला
दुकानदारों का आरोप है कि वे दशकों से नियमों का पालन करते हुए समय पर किराए का भुगतान कर रहे हैं. इसके बावजूद, प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या बाजार प्रतिनिधियों से चर्चा किए अचानक किराए में वृद्धि कर दी है. एसोसिएशन ने इसे ‘असहनीय’ और ‘अमानवीय’ करार दिया है.
पुराने आदेशों की अनदेखी का आरोप
बाजार प्रतिनिधियों ने याद दिलाया कि पहले भी जब किराया वृद्धि का प्रयास हुआ था, तब व्यापक विरोध के बाद तत्कालीन उपायुक्त (DC) ने एक जांच समिति गठित की थी और वृद्धि पर रोक लगा दी थी. दुकानदारों का कहना है कि वर्तमान निर्णय उस प्रक्रिया का उल्लंघन है.
24 अप्रैल को दिया गया था आवेदन
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि इस समस्या के समाधान के लिए 24 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन को एक औपचारिक आवेदन भी सौंपा गया था. हालांकि, अब तक इस पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे दुकानदारों में अनिश्चितता का माहौल है. एसोसिएशन ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत इस निर्णय को वापस ले और बाजार प्रतिनिधियों के साथ बैठकर एक व्यावहारिक समाधान निकाले.


