उदित वाणी जमशेदपुर: झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति ने आगामी 28 मई (गुरुवार) को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन से विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में झामुमो की ओर से प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया।
पमांग पत्र में मुस्लिम बहुल मोहल्लों और बस्तियों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने, बकरीद के दिन 24 घंटे निर्बाध बिजली और पानी उपलब्ध कराने, जल संकट वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त टैंकरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने हेतु गोपनीय बल की व्यवस्था तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने की भी अपील की गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ संदेशों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
झामुमो ने कहा कि जमशेदपुर समेत पूरा पूर्वी सिंहभूम जिला हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक रहा है। पार्टी ने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से यह पर्व शांति और उल्लास के साथ संपन्न होगा। साथ ही झामुमो ने जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।


