उदित वाणी, जमशेदपुर: बकरीद (ईद-उल-अजहा) को लेकर शहर में प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 मई को पर्व के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक पूरे शहर में भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, यात्री बसों को इस प्रतिबंध से छूट दी गयी है।
यह आदेश उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और यातायात डीएसपी के संयुक्त निर्देश पर एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि नमाज के दौरान भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
दूसरी ओर, बकरीद की नमाज को लेकर शहर की मस्जिदों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नमाज स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जायेगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग करें।


