
उदित वाणी, रांची: मनी लौंड्रिंग मामले में गिरफतार निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल की मुश्किलें और बढ़ सकती है. ईडी ने सिंघल के करीबी माने जाने वाले कोयला कारोबारी इजहार अंसारी व जेएसएमडीसी के पूर्व प्रोजेक्ट डायरेक्टर अशोक कुमार सिंह के 14 ठिकानों पर शुक्रवार एक साथ छापेमारी की और इजहार अंसारी के हजारीबाग स्थित आवास से 3 करोड़ कैश जब्त किया.
जबकि ईडी ने रांची के हरमू स्थित ब्लू सिप्रा अपार्टमेंट के अलावा रामगढ़ व हजारीबाग में मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर कई ठिकानों पर छापेमारी की और अभी भी कई घरों में तलाशी की जा रही है.
कोल तस्करी से जुड़े कई कंपनियों के पते पर यह छापेमारी की जा रही है. बताया गया कि पूजा सिंधल ने कंट्रैक्ट पर अशोक कुमार को जेएसएमडीसी में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में नियुक्त की थी और इसके जरिये राज्य में बड़ा बालू का खेल चल रहा था.
पूजा सिंघल का इन्हें पूरा संरक्षण मिला हुआ था. अशोक कुमार सिंह पूजा सिंघल के काफी नजदीकी रहे और सिंघल के लिए बालू से अवैध वसूली करते थे. लेकिन भ्रष्टाचार में एक्सपोज होने के बाद अशोक कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और उनके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई.
वहीं इजहार अंसारी कोयले का बड़ा कारोबारी व तस्कर भी है. इजहार के बोंगाबाद व मांडू में हार्डकोक फैक्टरी है. राज्य के कई नेताओं व अधिकारियों के इनके साथ गहरे रिश्ते है. बताया गया है कि हाल ही में इजहार अंसारी ने जमशेदपुर में एक बड़ी पार्टी दी थी. जिसमें राज्य के कई वरीय अधिकारी व नेता शामिल हुए थे.

