उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमिटी मीटिंग शनिवार को यूनियन कार्यालय में हुई. यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते की अध्यक्षता में हुई मीटिंग का विषय प्रवेश महामंत्री आरके सिंह ने किया.
उन्होंने कमेटी मेंबरों से आग्रह किया कि वे अपने विभाग के साथ ही टाउनशिप, मेडिकल सरीखी समस्याओं का भी उल्लेख करें. कमेटी मेंबरों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र किया. यूनियन कोषाध्यक्ष एसएन सिंह ने अपने प्रस्ताव में कहा कि जो भी हमारे अस्थायी मजदूर भाई हैं, उन्हें भी वरीयता के आधार पर कॉलोनी में क्वार्टर मुहैया करायी जाय.
इस प्रस्ताव का सभी कमेटी मेंबरों ने समर्थन किया और इसके जवाब में महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि वे इस प्रस्ताव को जल्द ही प्रबधन के पास रखेंगे. सिंह ने बताया कि यूनियन कई क्षेत्रों में कार्य कर रही है.
जल्द ही अप्रेंटिसशिप में बहाली निकलने वाली है. साथ ही हॉस्पिटल में वेटिंग हॉल का प्रपोजल पास हुआ है. आप सब जो भी सवाल यहां पर उठाए हैं. उसपर प्रबंधन के साथ बात कर समुचित हल निकालने का प्रयास किया जाएगा.
अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने यूनियन के सभी सदस्यों को एकता के साथ काम करने के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में भी यही एकता एवं अनुशासन कायम रहेगा.
सेफ्टी और क्वालिटी पर जोर
कमिटी मीटिंग से पूर्व क़्वालिटी हेड प्रमोद भूरे, अंशुमन महापात्रा, सुफियान जलिली और अमित दास यूनियन ऑफिस में आकर सभी कमेटी मेंबरों एवं पदाधिकारियों के साथ क्वालिटी एवं सेफ्टी पर चर्चा की.
उन्होंने आने वाले समय की चुनौतियां बताई? प्रकाश भूरे ने वर्तमान समय में और बेहतर क्वालिटी और सेफ्टी के नये उपायों के बारे में बताया. महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि प्रबंधन का इन्टरैक्शन ऐसे ही यूनियन के साथ हो, ताकि यूनियन नेता भी सेफ्टी और क्वालिटी के नये उपायों से अवगत रहें.
अध्यक्ष एवं महामंत्री ने चारों पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह और शॉल देकर सम्मानित किया. मंच का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा और धन्यवाद ज्ञापन वीके शर्मा ने किया.


