
मंत्री बन्ना गुप्ता की अनुशंसा से मिली मंजूरी
पार्षद परितोष सिंह के नेतृत्व जोरदार स्वागत
उदित वाणी जमशेदपुर : गोविंदपुर में पांच करोड़ की लागत से 7.3 किलोमीटर लंबी सडक़ को मंजूरी प्रदान की गई है. इस सडक़ को बनाने की अनुशंसा मंत्री बन्ना गुप्ता के द्वारा की गई थी. स्थानीय पार्षद परितोष सिंह और विधायक मंगल कालिंदी ने गोविंदपुर की जनता की वर्षो पुरानी इस मांग को मंत्री के समक्ष रखा था.
सडक़ बनने को मंजूरी मिलने की खुशी में परितोष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोग मंत्री बन्ना गुप्ता के कदमा आवास पर पहुंचे और ढोल नगाड़े के साथ उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया गया. परितोष सिंह ने बताया कि गोविंदपुर की सडक़ों की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी थी. वर्षों से इसके निर्माण के लिए यहां की जनता आंदोलन कर रही थी.
वहीं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि एक विधायक का फर्ज होता है कि न सिर्फ अपने क्षेत्र बल्कि दूसरे क्षेत्र में भी अगर जनता को कोई परेशानी हो रही हो तो उस परेशानी से लोगों को निजात दिलायी जाए. हमारे समक्ष विधायक मंगल कालिंदी व जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह के नेतृत्व में लगातार इस मुद्दे को उठाया जा रहा था. उम्मीद है कि सडक़ बनने से यहां लाखों की आबादी को राहत मिलेगी.

